रांची के मेन रोड पर वेस्ट यूजर चार्ज को लेकर सख्ती, 25 प्रतिष्ठानों को नोटिस

Ranchi : रांची में वेस्ट यूजर चार्ज का भुगतान नहीं करने वाले भवनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम क्षेत्र के सभी भवन, होटल, हॉस्टल, बैंक्वेट हॉल और अन्य व्यवसायिक संस्थानों के लिए सॉलिड वेस्ट यूजर चार्ज देना अनिवार्य है। फिलहाल सभी वार्डों में यह शुल्क चयनित एजेंसी Netwind Soft Labs Pvt Ltd के माध्यम से वसूला जा रहा है।
मेन रोड पर विशेष अभियान
अपर प्रशासक के निर्देश पर महात्मा गांधी मार्ग (मेन रोड) स्थित भवनों और प्रतिष्ठानों से बकाया वसूली के लिए छह टीमों का गठन किया गया है। गुरुवार को सहायक प्रशासक चन्द्रदीप कुमार के नेतृत्व में निगम की टीम ने सर्जना चौक से डेली मार्केट चौक तक अभियान चलाया। इस दौरान 25 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जिन प्रतिष्ठानों ने अब तक वेस्ट यूजर चार्ज का भुगतान नहीं किया था, उन्हें मौके पर ही डिमांड नोटिस जारी किया गया और तय समय सीमा के भीतर भुगतान करने का निर्देश दिया गया।
सड़क पर कूड़ा फेंकने पर जुर्माना
निरीक्षण के दौरान v2 डंसस द्वारा सड़क पर कूड़ा डंप करने का मामला सामने आया। इस पर नगर निगम की टीम ने 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने साफ कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
नहीं चुकाया बकाया तो होगी कानूनी कार्रवाई
सहायक प्रशासक ने बकाएदारों को चेतावनी दी है कि तय समय सीमा के भीतर पूरा बकाया जमा नहीं करने पर झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 की धारा 187(2), 512, 600 और 608 के तहत दंडात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसमें जुर्माना और अन्य कानूनी कदम शामिल हो सकते हैं।
निगम की अपील
नगर निगम ने सभी नागरिकों और व्यवसायिक प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे समय पर वेस्ट यूजर चार्ज का भुगतान करें और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में सहयोग दें। भुगतान के लिए नगर निगम कार्यालय के ग्राउंड फ्लोर स्थित काउंटर नंबर 01 पर संपर्क किया जा सकता है।
