गिरिडीह में तमिलनाडु CID ने मारा छापा, करोड़ों के घोटाले का फरार आरोपी गिरफ्तार

Giridih : गिरिडीह के जमुआ थाना क्षेत्र से तमिलनाडु CID की टीम ने कई करोड़ रुपए के कथित घोटाले के आरोपी गुलशन दराद को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। मिर्जागंज में छापेमारी कर हिरासत में लिया CID की टीम मिर्जागंज स्थित गुलशन के घर पहुंची और वहां छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया। इसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोयंबटूर (तमिलनाडु) ले जाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार गुलशन दराद और उसके 5-6 सहयोगियों के खिलाफ कोयंबटूर में बड़े वित्तीय घोटाले का मामला दर्ज है। गुलशन वहां एक टूरिज्म कंपनी चलाता था। जनवरी 2026 में उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था और तभी से वह फरार था।
तमिलनाडु पुलिस ने की थी तलाश
इस घोटाले के आरोपी को पकड़ने के लिए तमिलनाडु पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। इसी कड़ी में मंगलवार को सीआईडी की टीम गिरिडीह पहुंची और जमुआ तक कार्रवाई को आगे बढ़ाया। सीआईडी ने जमुआ पुलिस को बताया कि गुलशन और उसके आधा दर्जन सहयोगियों के खिलाफ कृष्णागिरी (तमिलनाडु) में मामला दर्ज है। इसकी जानकारी गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार को भी दी गई।
जमुआ पुलिस की मदद से हुई गिरफ्तारी
एसपी के निर्देश पर जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव की टीम ने कोयंबटूर पुलिस के साथ मिलकर गुलशन के घर पहुंचकर गिरफ्तारी को अंजाम दिया। आरोपी के परिवार का कहना है कि गुलशन लंबे समय से पर्यटन व्यवसाय से जुड़ा है और इसे साजिश के तहत फंसाने की कोशिश बताया जा रहा है।
सीआईडी ने मामला अपने हाथ में लिया
गुलशन की गिरफ्तारी के बाद तमिलनाडु CID ने उसे अपने साथ कोयंबटूर ले जाकर जांच शुरू कर दी है। जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव ने भी इस गिरफ्तारी की पुष्टि की और बताया कि आरोपी कोयंबटूर में बड़ी रकम के घोटाले में फंसा हुआ है। सीआईडी फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
