रांची

बुलडोजर एक्शन के खिलाफ सड़क पर उबाल, गुस्साए लोगों ने जाम किया रातू रोड

गुस्सा

Ranchi : सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के खादगढ़ा और महुआ टोली में मंगलवार को चली अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के विरोध में बुधवार को लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रातू रोड कब्रिस्तान के पास जमा हो गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम की वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ऑफिस जाने वाले लोग, स्कूल बसें और एंबुलेंस तक जाम में फंसी रहीं। पुलिस को यातायात डायवर्ट करना पड़ा, लेकिन कई घंटों तक हालात सामान्य नहीं हो सके।

महिलाएं और बुजुर्ग भी उतरे सड़क पर

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल थे। लोग हाथों में तख्तियां लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। उनका कहना था कि जिन मकानों को तोड़ा गया, उनमें कई परिवार वर्षों से रह रहे थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रशासन ने बिना पर्याप्त पूर्व सूचना के बुलडोजर चलाया। कई लोगों ने कहा कि उन्हें अपने सामान तक समेटने का पूरा मौका नहीं मिला।

“रहने का ठिकाना छिन गया”

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मंगलवार को शुरू हुई कार्रवाई से दर्जनों परिवार बेघर हो गए हैं। बच्चों की पढ़ाई, रोजी-रोटी और सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता साफ दिखी। कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने मकान बनाने में अपनी जीवन भर की कमाई लगा दी थी। अब अचानक कार्रवाई से उनके सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।

प्रशासन का दावा : नियम के तहत कार्रवाई

प्रशासन का कहना है कि खादगढ़ा और महुआ टोली में करीब 27 कट्ठा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण था, जिसे हटाने की प्रक्रिया कानूनी प्रावधानों के तहत की गई है। अधिकारियों के अनुसार पहले भी अतिक्रमण हटाने को लेकर नोटिस दिया गया था। हालांकि स्थानीय लोग इस दावे से सहमत नहीं हैं और कार्रवाई पर रोक तथा पुनर्वास की मांग कर रहे हैं।

पुलिस बल तैनात, हालात पर नजर

विरोध प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शन कई घंटों तक जारी रहा। फिलहाल इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत की कोशिशें चल रही हैं, ताकि हालात को सामान्य किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *