सैकड़ों लोगों ने थामा आजसू का दामन, सुदेश बोले- राज्य के नवनिर्माण में आगे आएं युवा

Ranchi : रांची के खटंगा, खेलगांव में रविवार को आजसू पार्टी का मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सैकड़ों महिलाओं, युवाओं और समाजसेवियों को अंगवस्त्र पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई। कार्यक्रम में काफी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
झारखंड की दिशा बदलने की जरूरत
मिलन समारोह को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड अपने असली मकसद से भटक गया है। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से भरपूर होने के बावजूद राज्य की पहचान “लेबर स्टेट” के रूप में बनती जा रही है, जो चिंता की बात है। उनके मुताबिक, यहां के युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर हैं, जबकि संसाधनों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि अब समय आ गया है कि राज्य की बागडोर युवा अपने हाथों में लें। अगर युवा आगे आएंगे तो झारखंड को फिर से सही दिशा और गति मिल सकती है।
संगठन को मजबूत कर रहे युवा
सुदेश महतो ने कहा कि बड़ी संख्या में युवा आजसू से जुड़ रहे हैं और संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सिर्फ राजनीति देखने या सुनने तक सीमित न रहें, बल्कि सक्रिय रूप से हिस्सा लें। उन्होंने कहा, “राज्य का नवनिर्माण किसी एक व्यक्ति से नहीं होगा। इसके लिए सबको मिलकर काम करना होगा। अगर हम एकजुट रहें, तो झारखंड को नई पहचान दिला सकते हैं।”
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव दीपक महतो, केंद्रीय सचिव जितेंद्र सिंह, रांची जिला अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य संजय महतो, युवा आजसू के प्रदेश संयोजक गदाधर महतो और रांची महानगर अध्यक्ष अमित यादव सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। कार्यक्रम के अंत में नए सदस्यों ने संगठन को मजबूत करने और राज्य के विकास के लिए काम करने का संकल्प लिया।
