रांची में चेन स्नैचिंग की कोशिश नाकाम, महिला की बहादुरी से भागे अपराधी

बाइक सवार बदमाशों से भिड़ीं जस्सी सलूजा, छीना-झपटी में घायल होने के बावजूद बचाई चेन
डराने के लिए अपराधियों ने की फायरिंग, पूरी घटना सीसीटीवी में कैद
रांची:राजधानी रांची के बरियातू हाउसिंग कॉलोनी चौक पर चेन स्नैचिंग की एक बड़ी घटना महिला की बहादुरी के कारण विफल हो गई। गिरिडीह निवासी 33 वर्षीय जस्सी सलूजा ने साहस का परिचय देते हुए बाइक सवार दो अपराधियों का डटकर सामना किया और अपनी चेन बचाने में सफल रहीं। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, जस्सी सलूजा पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने गिरिडीह से रांची आई थीं। दोपहर करीब एक बजे वह बरियातू स्थित अपनी ननद के घर पहुंचीं। इसके बाद वह अपने पति के साथ पैदल बरियातू रोड स्थित एक मॉल में खरीदारी करने गईं। खरीदारी कर लौटते समय बरियातू हाउसिंग कॉलोनी चौक पर पहले से घात लगाए दो बाइक सवार अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। पीछे बैठे अपराधी ने अचानक उनके गले से चेन झपट ली और बाइक से भागने का प्रयास किया।
महिला ने दिखाई अदम्य साहस
अचानक हुए हमले से घबराने के बजाय जस्सी सलूजा ने तुरंत साहस दिखाते हुए पीछे बैठे अपराधी को पकड़ लिया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों अपराधी सड़क पर गिर पड़े। छीना-झपटी के दौरान जस्सी भी गिर गईं, जिससे उनके हाथ और दोनों घुटनों में चोट आई और कपड़े भी फट गए। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपनी चेन बचाने में सफल रहीं।
डराने के लिए की गई फायरिंग
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि गिरने के बाद एक अपराधी पैदल भागने लगा। जस्सी उसे पकड़ने के लिए पीछे दौड़ीं। खुद को घिरता देख अपराधी ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। पीड़िता के अनुसार, उसे डराने के लिए दो गोलियां चलाई गईं। बाद में पता चला कि पिस्टल डमी थी और उसमें रबर की गोली थी।
इसी दौरान दूसरा अपराधी बाइक उठाकर अपने साथी के पास पहुंचा और दोनों मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनते ही चौक पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे, लेकिन किसी ने अपराधियों को पकड़ने का साहस नहीं दिखाया।
