खेल

रांची में 11 फरवरी को U-15 राज्य स्तरीय कुश्ती चयन ट्रायल, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए होगा टीम का चयन

रांची। झारखंड राज्य की अंडर-15 (U-15) कुश्ती टीम के चयन के लिए राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता सह चयन ट्रायल का आयोजन 11 फरवरी 2026 को मोरहाबादी स्थित कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र में किया जाएगा। यह चयन ट्रायल प्रातः 7:00 बजे से शुरू होगा, जिसमें बालक फ्रीस्टाइल, ग्रीको रोमन स्टाइल और बालिका फ्रीस्टाइल वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय U-15 कुश्ती प्रतियोगिता 2026 में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस प्रतियोगिता में 2011 और 2012 जन्म वर्ष के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। वहीं, 2013 जन्म वर्ष के खिलाड़ियों को मेडिकल सर्टिफिकेट या अभिभावक प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को पंचायत या नगर परिषद द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आवासीय प्रमाण पत्र की मूल एवं छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है।

बालक फ्रीस्टाइल एवं ग्रीको रोमन स्टाइल के लिए 38 किग्रा, 41 किग्रा, 44 किग्रा, 48 किग्रा, 52 किग्रा, 57 किग्रा, 62 किग्रा, 68 किग्रा, 75 किग्रा और 85 किग्रा भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं। वहीं, बालिका फ्रीस्टाइल वर्ग में 33 किग्रा, 36 किग्रा, 39 किग्रा, 42 किग्रा, 46 किग्रा, 50 किग्रा, 54 किग्रा, 58 किग्रा, 62 किग्रा और 66 किग्रा भार वर्ग शामिल हैं।

आयोजकों ने राज्यभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से इस चयन ट्रायल में भाग लेने की अपील की है, ताकि योग्य खिलाड़ियों का चयन कर झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत प्रतिनिधित्व दिलाया जा सके। अधिक जानकारी के लिए राजीव रंजन (भीम) से मोबाइल नंबर 7352062572 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *