खेल

राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में झारखंड के ओम कुमार ने जीता कांस्य पदक

मोदीनगर (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के मोदीनगर में आयोजित राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में झारखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ी ओम कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने न केवल राज्य का नाम रोशन किया, बल्कि झारखंड के उभरते वेटलिफ्टिंग खिलाड़ियों की क्षमता को भी राष्ट्रीय स्तर पर साबित किया।

इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। ओम कुमार ने अपने वर्ग में उत्कृष्ट तकनीक, संतुलन और दमदार प्रदर्शन का परिचय देते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया और कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस सफलता से झारखंड खेल जगत में खुशी की लहर है।

ज्ञात हो कि हाल ही में आयोजित राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता के आधार पर झारखंड की 14 सदस्यीय टीम का चयन इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए किया गया है। टीम के खिलाड़ियों को कोच श्री प्रदीप कुमार और श्री महेश कुमार के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है। दोनों कोचों के प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की मेहनत का ही परिणाम है कि झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

ओम कुमार की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर झारखंड वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम के अन्य खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर राज्य के लिए और पदक जीतेंगे।

ओम कुमार की इस सफलता से झारखंड के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और राज्य में वेटलिफ्टिंग खेल को और बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *