जतरामेला में दो नाबालिगों से दुष्कर्म का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, चार किशोर निरुद्ध

गिरिडीह : गिरिडीह जिले के हरलाडीह ओपी क्षेत्र में जतरामेला के दौरान दो नाबालिग लड़कियों के साथ हुए दुष्कर्म मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस जघन्य कांड में शामिल चार वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजेश मुर्मू, रवीन्द्र टुडू, संजय टुडू और सोहन टुडू शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक जींस पैंट और सात मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
इस मामले का खुलासा करते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि 25 जनवरी की रात हरलाडीह ओपी क्षेत्र में आयोजित जतरामेला देखने गई दो नाबालिग लड़कियों के साथ कुछ अज्ञात लोगों ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के अगले दिन 26 जनवरी को खुखरा (हरलाडीह) थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल पर रांची से श्वान दस्ता, एफएसएल टीम और तकनीकी शाखा की मदद ली गई, जिससे महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए चार वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि घटना में शामिल चार विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
एसपी ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और पीड़ित नाबालिगों को हरसंभव कानूनी एवं चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस ने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
