नाजायज संबंधों के विरोध में नाबालिग जसीम मंसूरी की हत्या, मुख्य आरोपी शाहिद अंसारी गिरफ्तार

रांची : राजधानी रांची में नाबालिग जसीम मंसूरी की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि जसीम की हत्या किसी आपराधिक गैंगवार या पुरानी रंजिश का नतीजा नहीं थी, बल्कि नाजायज संबंधों के विरोध में उसे मौत के घाट उतार दिया गया। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहिद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह हत्याकांड पुंदाग ओपी क्षेत्र के लाजपत नगर में अंजाम दिया गया था, जहां एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट से जसीम मंसूरी का खून से लथपथ शव बरामद किया गया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच में खुलासा हुआ कि मृतक जसीम मंसूरी आरोपी के नाजायज संबंधों का विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर आरोपी शाहिद अंसारी उससे नाराज था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने जसीम पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को निर्माणाधीन अपार्टमेंट की ऊपरी मंजिल से नीचे फेंक दिया, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
मृतक जसीम मंसूरी पंडरा थाना क्षेत्र के मुस्लिम मोहल्ले का निवासी था और दो फरवरी से घर से लापता था। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद पुंदाग ओपी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। बुधवार को परिजन खुद उसकी तलाश करते हुए लाजपत नगर पहुंचे, जहां निर्माणाधीन चार मंजिला अपार्टमेंट में ऊपरी मंजिल के पास जसीम का शव पड़ा मिला। शव की स्थिति से स्पष्ट था कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है।
सूचना मिलते ही सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहिद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता और हत्या की साजिश के पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।
