धनबाद

झारखंड में लोकल युवाओं की बल्ले-बल्ले, आउटसोर्सिंग में 75% नौकरी का ऐलान

Dhanbad : धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आयोजित झामुमो के 54वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने करीब 52 मिनट तक भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने आउटसोर्सिंग कंपनियों और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा और स्थानीय रोजगार को लेकर बड़ा संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धनबाद कोयला क्षेत्र होने के बावजूद यहां खनन का काम आउटसोर्सिंग कंपनियों को सौंप दिया गया है। ये कंपनियां राज्य के बाहर से मजदूर लाकर काम करा रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिल पा रहा और उन्हें बाहर पलायन करना पड़ रहा है।

75% नौकरी लोकल को देने की चेतावनी

हेमंत सोरेन ने साफ शब्दों में कहा कि कोयला क्षेत्र में काम कर रही सभी कंपनियों को 75% रोजगार स्थानीय लोगों को देना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो स्थानीय लोग खुद अपने हक के लिए आगे आएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूरे मामले पर नजर रखे हुए है और न्याय की लड़ाई में जनता के साथ खड़ी है। इस दौरान उन्होंने पेसा कानून का भी जिक्र करते हुए कहा कि यह कानून लागू हो चुका है और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी आदिवासी या स्थानीय व्यक्ति के साथ अन्याय न हो।

महंगाई और केंद्र सरकार पर निशाना

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में केंद्र सरकार और भाजपा पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्र में भाजपा की सरकार है, तब तक देश में महंगाई कम नहीं होगी। महंगाई के कारण गरीब परिवार अपने बच्चों को ठीक से पढ़ा नहीं पा रहे हैं। इसी को देखते हुए झारखंड सरकार महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की सहायता राशि दे रही है।

शिक्षा पर जोर, फ्री कोचिंग का ऐलान

हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार रांची में गरीब बच्चों के लिए नि:शुल्क इंजीनियरिंग और मेडिकल कोचिंग चला रही है और जल्द ही इसे जिला स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि राज्य का हर बच्चा पढ़े और देश-प्रदेश के ऊंचे पदों तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को खूब पढ़ाएं और गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ उठाकर उन्हें डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और पत्रकार बनाएं, ताकि परिवार और समाज दोनों की स्थिति बदले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *