रांची

निकाय चुनाव को लेकर रांची पुलिस सख्त, शांति भंग करने वालों पर कस रही शिकंजा

चुनाव

Ranchi : नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था, हिंसा या चुनावी प्रक्रिया में किसी प्रकार की कोई परेशानी न आए उसके लिए पूरी तरह तैयार हो चुकी है इसके साथ ही भविष्य में किसी तरह की कोई परेशानी न आए उसके लिए भी काम शुरू कर दिया है। पुलिस प्रशासन ने पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जेल से छूटे ऐसे अपराधी जो पहले आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं और फिलहाल जमानत पर बाहर हैं, उन्हें थाना हाजिरी लगानी होगी। इन अपराधियों को सप्ताह या 15 दिन में एक बार संबंधित थाने में हाजिरी देना जरुरी है। इस संबंध में सिटी एसपी पारस राणा ने सभी डीएसपी और थानेदारों को निर्देश जारी करते हुए जेल से छूटे अपराधियों का सत्यापन करने और उनसे नियमित रूप से थाना हाजिरी सुनिश्चित कराने को कहा है।

इसके साथ ही, नोटिस प्राप्त करने वाले सभी लोगों को संबंधित एसडीओ के समक्ष निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना होगा। वहां उनसे शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बांड भरवाया जाएगा, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध या अशांति फैलाने वाली गतिविधियों में शामिल नहीं होंगे।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि नोटिस और बांड भरने के बावजूद कोई व्यक्ति चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालता है, हिंसा फैलाता है या कानून व्यवस्था को नुकसान पहुंचाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति को जेल भी भेजा जा सकता है।

नगर निगम चुनाव को देखते हुए रांची के संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इन क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ गश्ती दल और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को भी सक्रिय किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन की प्राथमिकता शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराना है, ताकि आम नागरिक बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

इसी क्रम में रांची पुलिस द्वारा अब तक 500 से अधिक लोगों को दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-163 के तहत नोटिस जारी किया जा चुका है। ये नोटिस उन लोगों को भेजे गए हैं, जिनके खिलाफ पूर्व में विवाद, झगड़े, चुनावी गड़बड़ी या कानून व्यवस्था बिगाड़ने से जुड़े रिकॉर्ड रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह एहतियातन की जा रही है और किसी भी प्रकार की असमाजिक कार्यों पर पूरी तरह नज़र रखी जाएगी ताकि चुनाव के दौरान समाज में शांति बनी रहे इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि चुनाव समाप्त होने तक इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और जिन लोगों से चुनावी माहौल बिगड़ने की आशंका होगी, उनके खिलाफ और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *