बोकारो

बोकारो में जंगली हाथियों का तांडव, तीन लोगों की ले ली जान

हाथियों

Bokaro : बोकारो जिले के गोमिया वन प्रक्षेत्र अंतर्गत बड़की पुन्नू गांव में गुरुवार तड़के हाथियों के हमले से इलाके में अफरातफरी मच गई। जंगल से निकलकर गांव में घुसे हाथियों ने एक घर पर हमला कर दिया, जिसमें सो रहे लोगों को बाहर खींचकर कुचल दिया गया। इस दर्दनाक घटना में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना भोर के समय हुई, जब गांव के अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। अचानक हाथियों का झुंड गांव में घुस आया और एक घर को निशाना बनाया। हाथियों ने घर को क्षतिग्रस्त करते हुए अंदर सो रहे लोगों पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना में घायल महिला को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने गांव का जायजा लिया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। वन विभाग की ओर से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने की कोशिश की जा रही है।

इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हाथियों की आवाजाही बनी हुई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। रात के समय न तो निगरानी की व्यवस्था थी और न ही लोगों को समय पर सतर्क किया गया।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि गांव में तुरंत गश्ती दल तैनात किया जाए, रोशनी और अलर्ट सिस्टम की व्यवस्था की जाए तथा हाथियों को आबादी से दूर रखने के लिए स्थायी समाधान किया जाए। साथ ही पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *