रांची के पूर्व क्रिकेटर राजेश कुमार बने सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर जनरल, खेल और सेवा दोनों में रचा इतिहास
रांची। रांची के बर्दवान कंपाउंड निवासी और पूर्व क्रिकेटर राजेश कुमार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में इंस्पेक्टर जनरल (आईजी) के पद पर प्रोन्नति मिली है। वर्तमान में वे जम्मू में पदस्थापित हैं। राजेश कुमार न केवल एक वरिष्ठ और अनुभवी सुरक्षा अधिकारी हैं, बल्कि खेल जगत में भी उनकी विशिष्ट पहचान रही है।
राजेश कुमार ने अपने सेवाकाल के दौरान “विशेष सुरक्षा समूह” (SPG) में लगभग दस वर्षों तक सेवा दी। इस दौरान उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री को देश और विदेश दोनों जगहों पर उच्चस्तरीय सुरक्षा प्रदान की। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और समर्पण के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया है, जिनमें पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस, प्रेसिडेंट्स मेडल फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस, आंतरिक सुरक्षा मेडल और कठिन सेवा मेडल प्रमुख हैं।
खेल के क्षेत्र में भी राजेश कुमार की उपलब्धियां उल्लेखनीय रही हैं। वे रांची के पूर्व क्रिकेटर रह चुके हैं और गोल्फ खेल में “होल इन वन” जैसी कठिन उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा उन्हें विभिन्न गोल्फ कोर्सों पर ईगल की उपलब्धि भी प्राप्त हुई है। वे एक कुशल टेनिस खिलाड़ी भी हैं और सीआरपीएफ की खेल टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
राजेश कुमार की पत्नी नलिनी प्रभा एक प्रतिष्ठित सितार वादिका और शास्त्रीय गायिका हैं। खेल, कला और राष्ट्र सेवा—तीनों क्षेत्रों में सक्रिय इस परिवार की उपलब्धियों पर रांचीवासियों को गर्व है। राजेश कुमार की आईजी पद पर पदोन्नति को न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे झारखंड के लिए सम्मान की बात माना जा रहा है।
