खेल

8वीं ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप के मेडल विजेता खिलाड़ी तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा से हुए सम्मानित

Ranchi : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित परेड ग्राउंड इनडोर स्टेडियम में 16 से 18 जनवरी 2026 तक आयोजित 8वीं ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड यूनाइटेड ताइक्वांडो मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन से जुड़े कुल 10 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से 5 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर बड़ी सफलता हासिल की।

सभी खिलाड़ी बुंडू स्थित एम.बी. ताइक्वांडो अकादमी में प्रशिक्षक मोहम्मद जमील अंसारी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपने-अपने भार वर्ग में शानदार खेल दिखाते हुए एक रजत (सिल्वर) और चार कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक अपने नाम किए।

मेडल विजेता खिलाड़ी इस प्रकार हैं—

सुभद्रा पूर्ती – सिल्वर मेडल

ख़ुशी तिर्की – ब्रॉन्ज मेडल

आईरा असमा अली – ब्रॉन्ज मेडल

अंजु कुमारी – ब्रॉन्ज मेडल

निखिल लोहरा – ब्रॉन्ज मेडल

इस उपलब्धि पर तमाड़ विधायक श्री विकास कुमार मुंडा ने सभी विजेता खिलाड़ियों को माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह पंच परगना क्षेत्र के लिए अत्यंत गर्व का विषय है और भविष्य में खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों को ताइक्वांडो में उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में एम.बी. स्कूल के प्रिंसिपल अबु अब्बास अली, अयुब अली, अरविंद सिंह, जाहिदा कौसर, जमील अंसारी, असरफ अंसारी सहित अनेक खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह जानकारी झारखंड यूनाइटेड ताइक्वांडो मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन के सचिव श्री शकील अंसारी ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *