रांची

रांची में एक ही परिवार के तीन लोगों ने की आत्मह’त्या की कोशिश, बेटे की मौत, मां-बेटी गंभीर

रांची

Ranchi : राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कडरू न्यू एजी कॉलोनी के मंदिर मार्ग में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने आत्महत्या करने की कोशिश की। इस घटना में बेटे की मौत हो गई, जबकि मां और नाबालिग बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, परिवार के बेटे मिहिर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर जब तक लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि मिहिर हाल ही में कोलकाता से रांची लौटा था। वह सीए की पढ़ाई कर रहा था और चर्चा है कि उसकी नौकरी उषा मार्टिन कंपनी में लगी थी।


वहीं, मिहिर की मां स्नेहा अखोरी, जो पेशे से हाईकोर्ट की अधिवक्ता हैं, और उसकी 14 वर्षीय बहन ने जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें तत्काल गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आत्महत्या की कोशिश के पीछे कारण क्या था। फिलहाल पूरे मामले को लेकर इलाके में सनसनी फैली हुई है। पुलिस का कहना है कि मां और बेटी के होश में आने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *