खेलरांची

महामना हॉकी गोल्ड कप अंडर-16: सिमडेगा बालिका हॉकी टीम सेमीफाइनल में, लगातार तीन जीत से पूल टॉप

बिहार के विश्वप्रसिद्ध राजगीर शहर में हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार, क्रीड़ा भारती बिहार, बिहार खेल प्राधिकरण एवं महामना मालवीय मिशन बिहार यूनिट के संयुक्त तत्वावधान में 19 से 21 जनवरी 2026 तक आयोजित ऑल इंडिया महामना हॉकी गोल्ड कप अंडर-16 प्रतियोगिता में हॉकी सिमडेगा (झारखंड) की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने पूल में टॉप स्थान हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।

सिमडेगा टीम ने लीग चरण के अपने तीनों मुकाबले जीतकर यह उपलब्धि हासिल की।
आज खेले गए प्रतियोगिता के अपने तीसरे मुकाबले में सिमडेगा ने छत्तीसगढ़ को 2–0 से पराजित किया। इस मैच में सानिया तिर्की एवं राजमुनी कुमारी ने एक-एक गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। इस मुकाबले में प्रियंका कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इससे पहले आज के दूसरे मुकाबले (टीम का दूसरा लीग मैच) में सिमडेगा ने ओलंपियन विवेक हॉकी अकादमी, उत्तर प्रदेश को 5–1 के बड़े अंतर से हराया। इस मैच में अनुप्रिया एक्का को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

प्रतियोगिता के अपने पहले मुकाबले में सिमडेगा टीम ने BSSA की टीम को 3–0 से पराजित किया था।

आज खेले गए दोनों मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं अनुप्रिया एक्का और प्रियंका कुमारी को पुरस्कार स्वरूप ₹5,000 (पांच हजार रुपये) नकद देकर सम्मानित किया गया।

लीग चरण के तीनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचने पर हॉकी सिमडेगा के समस्त पदाधिकारियों एवं खेल विभाग के अधिकारियों ने टीम को बधाई दी तथा आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

सिमडेगा अंडर-16 बालिका हॉकी टीम:

अनुभा केरकेट्टा, बैरटिला केरकेट्टा, शिल्पा बड़ा, महिमा कुल्लू, राजमुनी कुमारी, बबली कुमारी, सानिया तिर्की, निशा रानी मिंज, रेशमा कुमारी, रेनू कच्छप, प्रियंका कुमारी, प्रियंका तिर्की, अनुजा सोरेंग, हसीना कुमारी, अनुप्रिया एक्का, अनीशा कुल्लू, रोमिला केरकेट्टा, निर्मला टोप्पो
कोच: राजू मांझी
मैनेजर: कुनूल भेंगरा


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *