सड़क सुरक्षा माह के तहत मैत्री फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित : दिव्यानी 11 ने स्टार वॉरियर्स को 2-0 से हराया
रांची।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत शनिवार को चरदी गांव में एकदिवसीय रोड सेफ्टी मैत्री फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। यह आयोजन उपायुक्त रांची मंजुनाथ भजंत्री के निर्देशानुसार तथा जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा विभाग, रिलेशंस एवं स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब के सहयोग से किया गया।
टूर्नामेंट में दिव्यानी 11 एवं स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें दिव्यानी 11 की टीम ने 2-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
मैच में दिव्यानी लिंडा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। वहीं आयुषी कुमारी को बेस्ट गोलकीपर, निर्मल कच्छप को बेस्ट डिफेंडर तथा बिनी कुमारी को बेस्ट मिडफील्डर का पुरस्कार दिया गया।
अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला रोड इंजीनियर गौरव कुमार, सहायक अभय कुमार, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, पंचायत समिति सदस्य रश्मि तिर्की तथा स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब के निदेशक अनवरूल हक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
सड़क सुरक्षा पर जागरूकता
इस अवसर पर जन विकास मंच की ओर से सड़क सुरक्षा विषय पर नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग, ट्रिपल लोडिंग से बचाव, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने तथा 18 वर्ष से कम उम्र में वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी खिलाड़ियों एवं सैकड़ों ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। शपथ स्टार प्लेयर दिव्यानी लिंडा ने दिलाई।
कार्यक्रम में रेखा महतो, रामा तिर्की, सरिता देवी, हेमलता देवी, बलराम महतो, सतेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
यह जानकारी अमन ने दी।
