Home

69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता सम्पन्न : महाराष्ट्र बना ओवरऑल चैंपियन, झारखंड द्वितीय रनर-अप


रांची | 10 जनवरी 2026

69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता का सफल समापन शनिवार को संपन्न हो गया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा 6 से 10 जनवरी 2026 तक खेलगांव, रांची स्थित टिकैत उमराव शूटिंग स्टेडियम (रेंज-3) में किया गया।

प्रतियोगिता में अंडर-17 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। देश के 33 राज्यों एवं इकाइयों से आए प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने राज्यों के लिए पदक अर्जित किए।

पदक तालिका के अनुसार—

  • महाराष्ट्र ने 5 स्वर्ण, 3 रजत एवं 4 कांस्य पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
  • उड़ीसा ने 3 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक के साथ प्रथम रनर-अप स्थान प्राप्त किया।
  • वहीं मेजबान झारखंड ने 3 स्वर्ण, 1 रजत एवं 1 कांस्य पदक जीतकर द्वितीय रनर-अप बनने का गौरव हासिल किया।

समापन समारोह

समापन समारोह के अवसर पर आयोजन सचिव सह राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आयोजन समिति से जुड़े सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आयोजन की सफलता में सभी का 24 घंटे का समर्पित योगदान अतुलनीय रहा। साथ ही उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों एवं राज्यों को शुभकामनाएं दीं तथा पदक से चूक गए खिलाड़ियों को कमियों की पहचान कर भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

समारोह में एसजीएफआई के फील्ड ऑफिसर राकेश कुमार सिंह, भारतीय तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष सत्यनारायण चिरिकुरी, रविशंकर (मुख्य प्रशिक्षक, तीरंदाजी संघ), हरेंद्र सिंह (संयुक्त सचिव, झारखंड तीरंदाजी संघ), मनजीत मल्लिक (अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक), योगेंद्र राणा (अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक) एवं मनोज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

बधाई संदेश

इस उपलब्धि पर माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव श्री उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी श्री सच्चिदानंद द्विवेदी, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग तथा राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने सभी विजेता राज्यों एवं खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *