खेलरांची

69वीं राष्ट्रीय स्कूली गतका प्रतियोगिता में झारखंड के वेदांत ने जीता कांस्य पदक


रांची | 10 जनवरी 2026

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तत्वावधान में राज्य के खिलाड़ी निरंतर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में पंजाब के लुधियाना में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली गतका प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ी वेदांत भारद्वाज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

यह प्रतियोगिता 6 से 11 जनवरी 2026 तक पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, लुधियाना के ओपन थियेटर में आयोजित की गई, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। अंडर–19 बालक वर्ग के फरी सोटी इंडिविजुअल इवेंट में वेदांत भारद्वाज ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के नॉकआउट राउंड में वेदांत ने छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी को 63–59 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल मुकाबले में तेलंगाना को 57–42 से हराते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में उनका मुकाबला जम्मू एवं कश्मीर के खिलाड़ी से हुआ, जिसमें वेदांत को 82–65 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।

इसके पश्चात कांस्य पदक (तीसरे स्थान) के लिए हुए मुकाबले में वेदांत भारद्वाज ने मेजबान पंजाब को 42–35 से पराजित कर झारखंड राज्य के लिए कांस्य पदक सुनिश्चित किया।

इस सफलता में झारखंड टीम के कोच पप्पू कुमार सिंह एवं टीम एच.ओ.डी. एम. मोदस्सर की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके कुशल मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस उपलब्धि पर माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव श्री उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी श्री सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग तथा राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने वेदांत भारद्वाज को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *