खेल

69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता: झारखंड ने रचा इतिहास, बालक-बालिका दोनों वर्गों में जीता खिताब

रांची। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता का समापन शनिवार को भव्य तरीके से हुआ। मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी (रांची) में खेले गए फाइनल मुकाबलों में झारखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक और बालिका दोनों अंडर-17 वर्गों में चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 27 जनवरी से प्रारंभ हुई थी।

अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल में झारखंड की बेटियों ने आक्रामक खेल, बेहतरीन तालमेल और मजबूत डिफेंस का परिचय देते हुए उड़ीसा को 3–0 से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। इस वर्ग में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीरन सोई मुंडा (झारखंड), बेस्ट गोलकीपर का खिताब प्रीति बारला (झारखंड) और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का सम्मान संजना कीरो (उड़ीसा) को प्रदान किया गया।

वहीं अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल में झारखंड के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा को 4–0 से शिकस्त दी और चैंपियन बने। इस वर्ग में मैन ऑफ द मैच पतरस हस्सा (झारखंड), बेस्ट गोलकीपर रोमिल नंदल (हरियाणा) तथा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अनमोल कौनगारी को मिला। तीसरे स्थान के मुकाबलों में बालिका वर्ग में उत्तर प्रदेश ने मणिपुर को 3–1 से तथा बालक वर्ग में उत्तर प्रदेश ने उड़ीसा को 3–1 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया।

समापन समारोह की मुख्य अतिथि सुश्री शुचि सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दक्षिण पूर्व रेलवे रांची सह खेल पदाधिकारी (सेरसा) तथा विशिष्ट अतिथि श्री भोलानाथ सिंह, अध्यक्ष एशियन हॉकी फेडरेशन सह महासचिव हॉकी इंडिया रहे। समारोह में राज्य परियोजना परिषद के प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, ध्यानचंद अवार्डी सुमराय टेटे, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पुष्पा प्रधान, सावित्री तिर्की, विजय शंकर सिंह, ओम प्रकाश ठाकुर, डॉ. महेंद्र प्रसाद एवं जयंत केरकेट्टा सहित कई गणमान्य उपस्थित थे। सभी अतिथियों का स्वागत आयोजन सचिव श्री धीरसेन ए. सोरेंग द्वारा किया गया।

अतिथियों ने झारखंड की ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *