Home

65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज़, खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ खेलने का संदेश

रांची : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC), रांची के तत्वावधान में आयोजित 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को खेलगांव स्थित प्रैक्टिस मैदान में हुआ। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों के उत्साह, खेल भावना और रंगारंग माहौल के बीच प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की गई।

प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के अध्यक्ष अजय नाथ सहदेव ने विशिष्ट अतिथि श्रीमती पुष्पा हस्सा (जेएसएसपीएस, खेलगांव), राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी एवं आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग तथा मो. फरीद के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं गुब्बारे उड़ाकर किया।

इस अवसर पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

मुख्य अतिथि अजय नाथ सहदेव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि फुटबॉल विश्व का सबसे लोकप्रिय खेल है और झारखंड प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की भूमि है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के स्कूली खिलाड़ी ही भविष्य में भारतीय फुटबॉल की पहचान बनेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से ऐसा प्रदर्शन करने की अपील की, जिससे वे आगे चलकर फीफा विश्व कप जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर राज्य और देश का नाम रोशन करें।

स्वागत भाषण में धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता विद्यालयी खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रतियोगिता का आयोजन पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ कराया जाएगा तथा खिलाड़ियों से टीम भावना और खेल भावना के साथ खेलने की अपील की।

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालक एवं अंडर-17 बालिका वर्ग में राज्य के पांचों प्रमंडलों की विजेता टीमों के 240 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

पहले दिन के मुकाबलों के परिणाम इस प्रकार रहे—

  • अंडर-17 बालिका वर्ग: संथाल परगना ने कोल्हान को 7-0 से हराया।
  • अंडर-17 बालक वर्ग: दक्षिण छोटानागपुर ने उत्तर छोटानागपुर को 3-1 से पराजित किया, जबकि संथाल परगना और कोल्हान के बीच मुकाबला 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
  • अंडर-15 बालक वर्ग: उत्तर छोटानागपुर ने दक्षिण छोटानागपुर को 2-0 तथा संथाल परगना ने कोल्हान को 4-0 से शिकस्त दी।

कार्यक्रम का संचालन चंद्रदेव सिंह ने किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य खेल कोषांग के सभी सदस्यों, प्रतिनियुक्त शारीरिक शिक्षा शिक्षकों तथा आयोजन समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *