रांची

रांची में 39वीं जोनल खान बचाव प्रतियोगिता संपन्न, एनके एरिया बना ओवरऑल चैंपियन

Ranchi :  खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) के तत्वावधान में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा आयोजित 39वीं जोनल खान बचाव प्रतियोगिता–2025 का समापन समारोह गुरुवार को सीसीएल मुख्यालय, रांची में धूमधाम से संपन्न हुआ।

यह प्रतियोगिता 8 और 9 अक्टूबर को रामगढ़ के खान बचाव केंद्र और भुरकुंडा भूमिगत खदान में आयोजित की गई थी।

समापन समारोह में सीसीएल के सीएमडी नीलेन्द्रु कुमार सिंह अध्यक्षता में मौजूद रहे, जबकि मुख्य अतिथि के तौर पर डीजीएमएस के उपमहानिदेशक (दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र) डॉ. एस. एस. प्रसाद शामिल हुए।

प्रतियोगिता में एनके एरिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल बेस्ट टीम का खिताब अपने नाम किया। वहीं बरका सायल की टीम को दूसरा और मगध-संघमित्रा की टीम को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

मुख्य अतिथि डॉ. एस. एस. प्रसाद ने खान सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि रेस्क्यू टीमों की तत्परता सराहनीय है। उन्होंने सभी कर्मियों से सुरक्षा को कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाने की अपील की। सीएमडी नीलेन्द्रु कुमार सिंह ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को बधाई दी और कहा कि सुरक्षा सीसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और कोल इंडिया के कॉर्पोरेट गीत के साथ हुई। पंजाब रेजीमेंट के बैंड और डीएवी स्कूल गांधीनगर की छात्राओं ने गणेश वंदना, नृत्य, वाद्य प्रस्तुति और नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत कर कार्यक्रम को खास बना दिया।

समारोह में सीसीएल के अधिकारी, कर्मचारी, सेफ्टी बोर्ड, वेलफेयर बोर्ड और जेसीएससी के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *