22वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ कल , 1688 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

रांची। 22वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का भव्य उद्घाटन 13 जुलाई को अपराह्न 3 बजे होटवार स्थित हरिवंश ताना भगत इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 13 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न JAP, IRB एवं SIRB इकाइयों से 1,688 महिला एवं पुरुष खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए करीब 165 तकनीकी पदाधिकारी एवं निर्णायकों की तैनाती की गई है।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उप-महानिरीक्षक, झारखंड सशस्त्र पुलिस, रांची होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक मार्च पास्ट, खिलाड़ियों के शपथ ग्रहण तथा मुख्य अतिथि द्वारा प्रतिभागियों से परिचय के साथ होगी।
आयोजन के दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं में पुलिस बल के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस बल के जवानों में खेल भावना, शारीरिक दक्षता और आपसी समन्वय को बढ़ावा देना है।
उद्घाटन समारोह में JAP, IRB एवं SIRB के समादेष्टा सहित झारखंड पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
