Home

रांची में 2 जुलाई को सजेगा झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड–2026 का मंच

राज्यपाल करेंगे 17 विशिष्ट हस्तियों का सम्मान, फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली भी होंगे सम्मानित

रांची, 30 जून। यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, झारखंड राज्य शाखा एवं रांची यूनिट की ओर से रांची विश्वविद्यालय के सहयोग से 7वें झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड–2026 का आयोजन 2 जुलाई को अपराह्न 4 बजे आर्यभट्ट सभागार, रांची विश्वविद्यालय परिसर, मोराबादी में किया जाएगा। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 17 विशिष्ट हस्तियों को सम्मानित करेंगे।

कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो, रांची विधायक सी.पी. सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि, शिक्षाविद्, प्रशासनिक अधिकारी, उद्योगपति, न्यायविद्, खिलाड़ी, कलाकार और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

शिक्षा, साहित्य, खेल, पत्रकारिता और सिनेमा सहित कई क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान

इस वर्ष शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रो. गोपाल पाठक को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया जाएगा। वहीं अभिनेता राजेश कुमार को एक्टिंग इन सिनेमा, लेखक पंकज दुबे को राइटर एंड स्टोरी टेलर, रांची की महापौर रोशनी खलखो को सोशल लीडरशिप एंड कम्युनिटी सर्विस तथा रिद्धिमा पाठक को स्पोर्ट्स एंकरिंग एंड ब्रॉडकास्टिंग अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।

इसके अलावा डॉ. प्रेम कुमार, राकेश रमन, संजय मिश्रा, प्रो. (डॉ.) अजय कुमार चट्टोराज, साक्षी जैन, सुनील सूर्यांत, शुभ लक्ष्मी शर्मा, एल. प्लाटोदीप सिंह तथा प्रशांत सूरज को भी उनके-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। उभरती प्रतिभाओं के रूप में वैशाली राज और राजू तिर्की को इमर्जिंग एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान किया जाएगा।

यूथ हॉस्टल्स की गतिविधियों का होगा विशेष प्रदर्शन

समारोह में प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक एवं लेखक इम्तियाज अली को भारतीय सिनेमा में उल्लेखनीय योगदान के लिए फिल्ममेकिंग अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों, साहसिक खेलों, ट्रेकिंग, पर्वतारोहण, पर्यावरण संरक्षण और युवा नेतृत्व विकास कार्यक्रमों पर विशेष प्रस्तुति भी दी जाएगी।

आयोजकों के अनुसार यह सम्मान समारोह झारखंड की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने और युवाओं को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षाविद्, छात्र-छात्राएं, साहित्यकार, चिकित्सक, खिलाड़ी, कलाकार, सामाजिक कार्यकर्ता तथा मीडिया प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।

अवार्ड का हुआ औपचारिक लॉन्च

कार्यक्रम से पूर्व यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, झारखंड राज्य शाखा के पदाधिकारियों ने झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड–2026 का औपचारिक लॉन्च किया। इस अवसर पर राज्य शाखा के वाइस प्रेसिडेंट सुनील साहू, कार्यक्रम संयोजक उदय साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजकों ने सभी आमंत्रित अतिथियों एवं नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *