रांची

रांची में युवक की गोली मारकर हत्या, दोस्त शाहरुख गिरफ्तार

गढ़ा टोली के होटल में खाना खाने के दौरान हुआ विवाद, देर रात चली गोली; पुलिस पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं की कर रही जांच

रांची, 14 नवंबर। राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित गढ़ा टोली में शुक्रवार देर रात आपसी विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तनवीर उर्फ बाबू के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में उसके दोस्त शाहरुख को शनिवार अहले सुबह गिरफ्तार कर लिया।

होटल में खाना खाने के दौरान हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, तनवीर और शाहरुख शुक्रवार शाम से ही साथ थे। देर रात करीब 11 बजे दोनों गढ़ा टोली स्थित एक होटल में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। कहासुनी बढ़ने पर शाहरुख ने तनवीर को गोली मार दी।

गोली लगने से तनवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

फरार होने की कोशिश कर रहा था आरोपित

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। इधर, वारदात के बाद आरोपित शाहरुख के फरार होने की कोशिश की सूचना पर पुलिस ने उसकी तलाश में छापेमारी शुरू की। शनिवार अहले सुबह पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

हत्या की वजह जानने में जुटी पुलिस

सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि हत्या के मामले में मृतक के दोस्त को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर हुआ था और क्या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी, इन सभी पहलुओं पर आरोपित से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *