Home

खेलो इंडिया अस्मिता पहल के तहत झारखंड के चार जिलों में होगी सेपकटकरा अस्मिता लीग

रांची, 22 जुलाई। खेलो इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित अस्मिता (ASMITA) पहल के तहत झारखंड में महिला खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से सेपकटकरा अस्मिता लीग का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की खेलों में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करना तथा खेलों के माध्यम से उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

सेपकटकरा एसोसिएशन ऑफ झारखंड एवं संबंधित जिला सेपकटकरा संघों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता रांची, धनबाद, देवघर और गिरिडीह जिलों में आयोजित होगी।

प्रतियोगिता के पहले चरण का आयोजन 26 जुलाई को रांची के मनन विद्या स्कूल और धनबाद के क्रीसेंट इंटरनेशनल स्कूल में किया जाएगा। इसके बाद 2 अगस्त को देवघर इंडोर हॉल और गिरिडीह इंडोर स्टेडियम में मुकाबले आयोजित होंगे।

झारखंड सेपकटकरा एसोसिएशन के अध्यक्ष उदय साहू ने बताया कि सभी जिलों में प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के पंजीकरण, तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति, खेल सामग्री और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।

उन्होंने बताया कि अस्मिता लीग में विभिन्न आयु वर्ग की महिला खिलाड़ी भाग लेंगी, जिससे राज्य की उभरती प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

उदय साहू ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उन्हें बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना तथा झारखंड में सेपकटकरा खेल के विकास को नई दिशा देना है।

उन्होंने राज्य की सभी पात्र महिला खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन महिला खेलों के विकास और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *