पहले ही दिन मुफ्त टिकटों की भारी मांग, 13वें डूरंड कप के लिए 12,256 टिकट वितरित
रांची, 22 जुलाई। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में 26 जुलाई को खेले जाने वाले 13वें डूरंड कप (ग्रुप-सी) के पहले मुकाबले को लेकर फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी उत्साह के बीच आयोजन समिति ने 22 जुलाई से मुफ्त टिकटों का वितरण शुरू कर दिया है। पहले ही दिन रिकॉर्ड 12,256 टिकट वितरित किए गए।
आयोजन समिति के अनुसार, ऐतिहासिक मुकाबले को देखने के लिए दर्शकों में भारी उत्साह है। पहले दिन बड़ी संख्या में लोगों ने स्टेडियम पहुंचकर अपने टिकट प्राप्त किए। टिकट वितरण के बाद अब केवल 7,803 टिकट शेष बचे हैं।
समिति ने बताया कि शेष टिकटों का वितरण 23 जुलाई, 25 जुलाई और 26 जुलाई 2026 को किया जाएगा। टिकट “पहले आओ, पहले पाओ” (First Come, First Serve) के आधार पर दिए जाएंगे।
दर्शकों से अपील की गई है कि वे पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे के बीच बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी स्थित टिकट काउंटर पर पहुंचकर अपना निःशुल्क टिकट प्राप्त करें।
आयोजन समिति ने सभी नागरिकों और फुटबॉल प्रेमियों से इस भव्य एवं ऐतिहासिक खेल आयोजन का हिस्सा बनने, खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने तथा बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचने की अपील की है।
