खेलरांची

23 जुलाई से राज्य स्तरीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज़, 24 जिलों के 576 नन्हे खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

रांची, 22 जुलाई। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी), रांची द्वारा आयोजित द्वितीय राज्य स्तरीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ 23 जुलाई से होगा। यह प्रतियोगिता 23 से 25 जुलाई, 2026 तक खेलगांव, रांची के प्रैक्टिस मैदान में आयोजित की जाएगी। इसमें राज्य के सभी 24 जिलों की विजेता बालक एवं बालिका टीमें हिस्सा लेंगी। बुधवार दोपहर से ही विभिन्न जिलों से नन्हे फुटबॉल खिलाड़ियों का खेलगांव पहुंचना शुरू हो गया।

वर्ष 2025 में शुरू की गई इस प्रतियोगिता का उद्देश्य कक्षा 3 से 5 तक के 8 से 12 वर्ष (अंडर-12) आयु वर्ग के सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं में फुटबॉल प्रतिभा की प्रारंभिक स्तर पर पहचान कर उसे प्रोत्साहित करना है।

प्रतियोगिता में प्रत्येक जिले से 12-12 खिलाड़ियों की बालक एवं बालिका टीम भाग लेगी। इस प्रकार कुल 576 खिलाड़ी, जिनमें 288 बालक और 288 बालिकाएं शामिल हैं, अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के आवासन, भोजन, चिकित्सा एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता झारखंड में फुटबॉल की मजबूत आधारशिला तैयार करने तथा भविष्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *