Home

युवक पर तलवार से हमला, जांच में जुटी पुलिस

पूर्वी सिंहभूम, 12 जुलाई । गोलमुरी थाना क्षेत्र के आनंद नगर विकास भवन के समीप शनिवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर धारदार तलवार से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके हाथ का पंजा बुरी तरह कट गया और पेट में भी चोट आई है। घायल का इलाज कराने के बाद पुलिस ने उसकी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घायल की पहचान नामदा बस्ती (नानक नगर) निवासी रोहित सिंह के रूप में हुई है।

रोहित ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शनिवार रात वह वह सिद्धाश्रम मंदिर के पास अपने कुछ दोस्तों के साथ खड़ा होकर बातचीत कर रहा था।

इसी दौरान आनंद नगर लाइन नंबर-2 निवासी चंद्र प्रकाश सिंह वहां पहुंचा और बिना किसी उकसावे के गाली-गलौज करने लगा।

जब रोहित और उसके साथियों ने इसका विरोध किया तो आरोपित आगबबूला हो गया और अपने पास मौजूद धारदार तलवार निकालकर हमला कर दिया।

रोहित के अनुसार, आरोपित ने पहले उसकी गर्दन पर वार करने का प्रयास किया। उसने हाथ आगे कर अपनी जान बचाई, जिससे तलवार का वार सीधे उसके हाथ के पंजे पर लगा और गहरा जख्म हो गया। इसके बाद आरोपित ने पेट पर भी हमला किया, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों के जुटने पर आरोपित मौके से फरार हो गया।

घायल युवक किसी तरह गोलमुरी थाना पहुंचा, जहां से पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने उसके हाथ में गंभीर जख्म होने की पुष्टि की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।

गोलमुरी थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ जानलेवा हमले सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में विवाद का कारण आपसी रंजिश प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *