रांचीरामगढ

ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक और नकद भी जब्त

Patratu : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पतरातू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पतरातू बस्ती के एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 6.9 ग्राम ब्राउन शुगर, 16,400 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में रामगढ़ जेल भेज दिया गया है। इस संबंध में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) गौरव गोस्वामी ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि संगठित गिरोह के माध्यम से ब्राउन शुगर की खेप एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी टीम ने पतरातू अनुमंडल क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शैतान चौक और आसपास के इलाकों में सघन वाहन जांच की जा रही थी। इसी क्रम में पतरातू बस्ती की ओर जाने वाली सड़क पर हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या जेएच 24एन 7447) पर सवार एक युवक को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर युवक के पास से 6.9 ग्राम ब्राउन शुगर, 16,400 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने अपना नाम विशाल कुमार बताया, जो पतरातू बस्ती का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पतरातू थाना कांड संख्या 24/2026 दर्ज करते हुए धारा 17(बी), 21(बी) और 27(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में रामगढ़ जेल भेज दिया गया।

इस अभियान में एसडीपीओ गौरव गोस्वामी, इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, पतरातू थाना प्रभारी कैलाश कुमार, पीयूएनआई शिवलाल कुमार गुप्ता के अलावा भदानीनगर, बरकाकाना और भुरकुंडा ओपी के प्रभारी तथा सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *