महिला एशिया कप 2025: भारतीय हॉकी टीम घोषित, झारखंड की बादशाहत बरकरार
नई दिल्ली/हांग्जो, 21 अगस्त 2025: हॉकी इंडिया ने गुरुवार को आगामी महिला एशिया कप 2025 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 5 से 14 सितंबर 2025 तक चीन के हांग्जो में आयोजित किया जाएगा। एशिया कप की विजेता टीम को एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 में सीधे प्रवेश मिलेगा, जिससे यह टूर्नामेंट और भी अहम बन गया है।
इस बार की भारतीय टीम में झारखंड की मजबूत मौजूदगी साफ दिखाई दे रही है। 20 सदस्यीय टीम में चार खिलाड़ी झारखंड से हैं, जिनमें से तीन सिमडेगा जिले से और एक खूंटी जिले से हैं। टीम की कप्तानी सलीमा टेटे को सौंपी गई है, जो सिमडेगा से ताल्लुक रखती हैं। उनके साथ संगीता कुमारी (सिमडेगा), ब्यूटी डुंगडुंग (सिमडेगा) और निक्की प्रधान (खूंटी) भी टीम में शामिल हैं।
गौरतलब है कि निक्की प्रधान और संगीता कुमारी करीब छह माह बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में वापसी कर रही हैं और इनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
पूल स्टेज मुकाबले:
भारत को पूल बी में रखा गया है, जहाँ उसका सामना जापान, थाईलैंड, और सिंगापुर से होगा। टीम अपने अभियान की शुरुआत:
5 सितंबर को थाईलैंड के खिलाफ,
6 सितंबर को जापान के खिलाफ,
और 8 सितंबर को सिंगापुर के खिलाफ करेगी।
टीम से उम्मीद की जा रही है कि वह शानदार प्रदर्शन करते हुए एशिया कप का खिताब अपने नाम करे और 2026 वर्ल्ड कप में अपनी जगह सुनिश्चित करे।
