गुमला की महिलाएं दिल्ली हाट में दिखा रहीं अपना हुनर, आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम

Gumla : गुमला जिले की महिलाएं अब अपने हुनर के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं। जो महिलाएं कभी अपने गांव तक सीमित थीं, वे अब देश की राजधानी दिल्ली तक पहुंच रही हैं। गुमला जिले के बिशुनपुर प्रखंड स्थित वन धन विकास केंद्र, सेरका की महिलाएं नई दिल्ली के दिल्ली हाट, आईएनए में आयोजित “आदि बाजार” में भाग ले रही हैं। यह प्रदर्शनी 16 से 31 दिसंबर 2025 तक चलेगी।
इस कार्यक्रम में वन धन विकास केंद्र की सदस्य बसंती देवी गुमला का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। वे जिले की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों को दिल्ली में प्रदर्शित कर रही हैं। प्रदर्शनी में पलाश से बने खाद्य पदार्थ, रागी से तैयार पौष्टिक उत्पाद और लेमन ग्रास से बने सुगंधित उत्पाद लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। ये सभी उत्पाद गुमला की महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार किए हैं।
जिला प्रशासन के सहयोग से महिलाओं को आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बन रही हैं और अपने परिवार के साथ-साथ जिले का नाम भी रोशन कर रही हैं।
गुमला की महिलाएं यह साबित कर रही हैं कि सही अवसर मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी राष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकती हैं। यह कदम आत्मनिर्भर और सशक्त भविष्य की ओर बढ़ने का संकेत है।
