Home

चतरा में करंट लगने से महिला की मौत, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप

चतरा, 30 जून । चतरा सदर थाना क्षेत्र के ऊंटा गांव में मंगलवार सुबह करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान मीणा देवी (23) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, जबकि ग्रामीणों और परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

परिजनों के अनुसार, मीणा देवी मंगलवार सुबह गांव के पास एक अमरूद के पेड़ के निकट दतवन तोड़ने गई थीं। इसी दौरान वह पोल से नीचे लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आ गईं। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसके बाद पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

ग्रामीणों और मृतका के परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित बिजली का तार काफी समय से नीचे लटक रहा था। इसकी शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते तार की मरम्मत कर दी जाती, तो यह हादसा टाला जा सकता था।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग से दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *