Home

झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, 5 दिन तक बारिश-आंधी का अलर्ट

Ranchi : झारखंड में भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। पिछले कई दिनों से राज्य के अलग-अलग जिलों में तेज धूप और तपिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा था, लेकिन अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 26 अप्रैल से राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने लगेंगे और मौसम धीरे-धीरे करवट लेगा।

पिछले 24 घंटों की बात करें तो पलामू राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बोकारो में 43.5 डिग्री और जमशेदपुर में तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच गया। राजधानी रांची में भी पारा 40 डिग्री के करीब रहा, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के कारण सड़कों पर सन्नाटा और लोगों की दिनचर्या पर असर साफ देखने को मिला।

5 दिनों तक बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग ने 26 से 1 मई तक झारखंड में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। 26 अप्रैल से उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। इसके बाद 26 से 28 अप्रैल के बीच संताल परगना और मध्य झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की रफ्तार तेज रह सकती है और कई जगहों पर तेज आंधी देखने को मिल सकती है।

29 और 30 अप्रैल को राज्य के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

हालांकि इस मौसम बदलाव से अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन आंधी-तूफान और वज्रपात को देखते हुए सावधानी बरतना जरूरी है। अगले पांच दिनों तक रांची और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *