Home

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, टर्फ लाइन के असर से तापमान गिरेगा; बारिश और वज्रपात की चेतावनी

: झारखंड से होकर गुजर रही दो टर्फ लाइन का असर अब मौसम पर साफ दिखाई देने लगा है। बुधवार से राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

रांची स्थित मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने 27 मई 2026 को जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के ऊपर सक्रिय इस मौसम प्रणाली के कारण वातावरण में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में कई इलाकों में बादल छाए रहने, तेज हवा चलने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

तापमान में आएगी गिरावट

मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य में अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

2 जून तक बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक 28 मई से 2 जून तक आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

वहीं 1 और 2 जून को पलामू प्रमंडल को छोड़कर राज्य के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी

मौसम केंद्र ने 28 से 30 मई तक पलामू प्रमंडल को छोड़कर राज्य के शेष हिस्सों में कहीं-कहीं गर्जन, तेज हवा और वज्रपात की आशंका जताई है। इस दौरान हवा की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

इसके अलावा 31 मई से 3 जून तक भी राज्य के विभिन्न इलाकों में गर्जन के साथ तेज हवा चलने और वज्रपात होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले मैदान, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *