रांची

झारखंड में मौसम ने ली करवट, 15 जिलों में गरज-चमक और तेज हवा का अलर्ट

Ranchi : बांग्लादेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर अब झारखंड के मौसम पर साफ दिखाई देने लगा है। मंगलवार को राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए और शाम होते-होते झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब दो घंटे तक हुई बारिश के दौरान रांची में लगभग 9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

बारिश के साथ ही शहर के आसपास कांके और रातू क्षेत्र में तेज हवा चली और कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। तेज हवा और बारिश के कारण मौसम में ठंडक घुल गई और लोगों को अचानक बढ़ रही गर्मी से राहत मिली। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही और चल रही ठंडी हवा के कारण शहर का माहौल सुहावना बना रहा।

मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिला। रांची का अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है।

15 जिलों में यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने बुधवार को रांची समेत राज्य के 15 जिलों में मेघ गर्जन, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई है। इसे देखते हुए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में यह अलर्ट जारी किया गया है उनमें खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं।

इन जिलों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर आंधी-तूफान के दौरान खुले स्थानों में खड़े होने और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने को कहा गया है।

आने वाले दिनों में फिर बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके कारण आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान फिर से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि फिलहाल हुई बारिश और ठंडी हवा से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है।

सुबह कोहरे से प्रभावित हुई हवाई सेवा

मंगलवार को सुबह से दोपहर तक रांची में धुंध और कोहरे की स्थिति बनी रही। घने कोहरे के कारण सुबह की हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं। एक विमान को खराब दृश्यता के कारण रांची के बजाय कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार 13 और 14 मार्च को आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे उमस भी बढ़ सकती है।

15 मार्च से फिर बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि 15 मार्च से एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 15 और 16 मार्च को सुबह के समय कोहरा रहने और दिन में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य के कुछ इलाकों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *