झारखंड में मौसम ने ली करवट, रांची समेत कई जिलों में दो दिन आंधी-बारिश का अलर्ट
Ranchi : राजधानी समेत झारखंड के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया है. मंगलवार की सुबह कई जगहों पर हल्की धुंध देखी गई. हालांकि समय बीतने के साथ मौसम साफ हुआ और हल्की धूप निकल आई.
हालांकि शाम होते ही रांची का मौसम फिर बदला और आसामान में बादल छा गए. कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हुई. इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक आंधी-तूफान, तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी जारी की है.
इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि इसके बाद आसमान साफ होने और तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है.
तेज हवाओं के साथ हो सकती है बारिश
10 और 11 मार्च को राज्य के पूर्वी एवं निकटवर्ती मध्य भागों रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी में कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है.
12 मार्च को राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा में कहीं-कहीं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के भी आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 13 और 14 मार्च को मौसम सामान्य रहने की संभावना है. वहीं दो दिन आसमान साफ रहेगा और मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा.
