रांची

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

मौसम

Ranchi : झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज़ बदलता हुआ नज़र आ रहा है। मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के मुताबिक 16 मार्च को राज्य के ज्यादातर जिलों में तेज हवा, बदल के गर्जन, वज्रपात और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने झारखंड के 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

दोपहर बाद अचानक बदला मौसम

रविवार दोपहर के बाद झारखंड के कई जिलों में मौसम अचानक बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए और कई जगहों पर तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। राजधानी रांची में भी मेघ गर्जन के साथ बारिश दर्ज की गई। देर रात तक बादलों की गर्जना और तेज हवा का दौर चलता रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रांची का अधिकतम तापमान रविवार को 35.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।

इन 17 जिलों के लिए जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 16 मार्च के लिए झारखंड के 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज आंधी, मेघ गर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है उनमें रांची, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों में जाने से बचने और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी है।

पूरे राज्य में दिख सकता है मौसम का असर

मौसम केंद्र के मुताबिक 16 मार्च को झारखंड के लगभग सभी 24 जिलों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ कई जगहों पर वज्रपात और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से राज्य के मौसम में यह बदलाव आया है, जिसका असर अगले कुछ दिनों तक देखने को मिल सकता है।

17 मार्च को भी आंधी और वज्रपात के आसार

मौसम विभाग के अनुसार 17 मार्च को भी राज्य के सभी जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

18 मार्च को कुछ जिलों में मौसम रहेगा सामान्य

18 मार्च को राज्य के कुछ जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है। रांची सहित 18 जिलों में वज्रपात और तेज हवा चल सकती है, लेकिन गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग और कोडरमा जैसे जिलों में मौसमीय गतिविधियां कम देखने को मिल सकती हैं।

19 मार्च को फिर सक्रिय हो सकता है मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि 19 मार्च को एक बार फिर पूरे झारखंड में मौसम सक्रिय हो सकता है। इस दिन कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। हालांकि बारिश की तीव्रता अलग-अलग जगहों पर अलग हो सकती है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश होगी तो कहीं केवल बादल छाए रह सकते हैं।

अगले पांच दिनों का तापमान अनुमान

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले पांच दिनों में राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 31 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 15 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। रांची में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। धनबाद, देवघर, दुमका और गिरिडीह जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *