कुंदुबेड़ा में कचरा प्रबंधन प्लांट के प्रस्ताव पर भड़के ग्रामीण, कहा– हमें स्कूल चाहिए, कचरा प्लांट नहीं
Chaibasa : चाईबासा जिले के सदर प्रखंड स्थित कुंदुबेड़ा गांव में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (कचरा प्रबंधन) प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव को लेकर ग्रामीणों में तीखा विरोध शुरू हो गया है। प्रशासन ने ग्रामीणों को भूमि अधिग्रहण से संबंधित नोटिस भेजा है, जिसके बाद गांव में नाराजगी बढ़ गई है।
गांव के ग्रामीण सुनील पूर्ति ने बताया कि वे लंबे समय से गांव में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विद्यालय की मांग कर रहे थे। लेकिन उनकी मांग को नज़रअंदाज करते हुए प्रशासन ने नगर विकास एवं आवास विभाग के लिए 3 एकड़ भूमि कचरा प्लांट के लिए मांगी है।
गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरुष और बच्चे हाथों में तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन के लिए सड़क पर उतरे। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने साफ कहा, “हमें स्कूल चाहिए, कचरा प्लांट नहीं।”
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन गांव की बुनियादी जरूरतों पर ध्यान नहीं दे रहा है। गांव में अभी भी सड़क, शिक्षा और स्वच्छ पानी जैसी सुविधाओं की कमी है, ऐसे में कचरा प्लांट लगाना उनकी सेहत और पर्यावरण के लिए नुकसानदायक होगा। ग्रामीणों ने जमीन देने से साफ इनकार कर दिया है और कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, विरोध जारी रहेगा।
