रांची

राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धा व भक्तिभाव से मनाया गया वट सावित्री पर्व एवं शनि देव जयंती

रांची : द्वारा पुंदाग स्थित परिसर में संत शिरोमणि परमहंस स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में वट सावित्री पर्व एवं शनि देव जयंती श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा संपन्न कराई। इस दौरान श्री राधा रानी का सफेद पोशाक एवं जड़ित आभूषणों से आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर में सजे दिव्य दरबार के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।

भगवान को लड्डू, मेवा, फल एवं वेजिटेबल खिचड़ी का विशेष भोग अर्पित किया गया। वहीं शनि देव जयंती के अवसर पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर सुख-समृद्धि एवं शनि दोष से मुक्ति की कामना की। मंदिर परिसर जय श्री राम और जय शनिदेव के जयकारों से गूंज उठा।

इसके पश्चात आयोजित सामूहिक महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। दीपों की रोशनी, घंटियों की मधुर ध्वनि और भक्तिमय माहौल ने सभी को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया। महाआरती के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच वेजिटेबल खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया।

इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने वट सावित्री पर्व और शनि देव जयंती के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे पर्व समाज में आस्था, संस्कार, सेवा और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।

उक्त जानकारी ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *