Home

म्यूटेशन नहीं होने से परेशान युवक 85 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

Hazaribagh : हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के बानादाग में शुक्रवार को उस समय हड़कं मच गया, जब एक युवक अपनी जमीन से जुड़े विवाद को लेकर करीब 85 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान चतरा जिले के टंडवा निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है। वह बानादाग स्थित एनटीपीसी साइडिंग में कार्यरत बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार विकास कुमार सुबह ही मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहीं से अपनी मांगों को लेकर विरोध जताने लगा। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ लग गई और सड़क पर कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई।

पांच-छह महीने से लंबित है म्यूटेशन का मामला

टावर पर चढ़े युवक का आरोप है कि उसकी जमीन का म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) पिछले पांच-छह महीनों से लंबित है। कई बार अंचल कार्यालय का चक्कर लगाने के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। विकास कुमार ने कटकमदाग के अंचल अधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार व्याप्त है और अधिकारियों की मिलीभगत से उसकी जमीन किसी दूसरे व्यक्ति के नाम स्थानांतरित कर दी गई है।

समाधान नहीं होने तक नीचे नहीं उतरने की चेतावनी

युवक ने साफ कहा कि जब तक उसकी जमीन से संबंधित कागजात दुरुस्त नहीं किए जाते और म्यूटेशन की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। उसने अंचल अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग भी की।

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही कटकमदाग थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने युवक से मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ा रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अंचल अधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान भी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारी लगातार युवक से बातचीत कर रहे थे और उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटे रहे।

लोगों की भीड़ से बढ़ी परेशानी

मोबाइल टावर पर युवक के चढ़ने की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। भीड़ के कारण सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस को लोगों को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

फिलहाल प्रशासन युवक को सुरक्षित नीचे उतारने और उसकी शिकायत का समाधान निकालने के प्रयास में जुटा हुआ है। पूरे मामले पर पुलिस और प्रशासन की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *