रांची

केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने समाजसेवी राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल को किया सम्मानित, मानव सेवा के कार्यों की सराहना

रांची। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रांची के सांसद एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली समाजसेवी हस्तियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में प्रख्यात समाजसेवी एवं व्यवसायी राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल को उनके उल्लेखनीय सामाजिक एवं मानवीय सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

रांची के कांके रोड स्थित भुवालका हाउस में आयोजित गरिमामय सम्मान समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल को अंगवस्त्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें स्मृति-चिन्ह एवं विशेष पुस्तिका भेंट कर समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर संजय सेठ ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले समाजसेवी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे व्यक्तित्वों का सम्मान न केवल उनके कार्यों को नई पहचान देता है, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी सेवा, समर्पण और जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रेरित करता है।

गौरतलब है कि राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक एवं मानवीय सेवा गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। वे श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट एवं सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम के उपाध्यक्ष के रूप में निराश्रित, दिव्यांग, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवा कार्यक्रमों का सफल संचालन किया जा रहा है, जिससे समाज के अनेक लोगों को लाभ मिल रहा है।

सम्मान समारोह में पूर्व सांसद अजय मारू, पार्षद नकुल तिर्की, भगवती भुवालका, मुकेश काबरा, संजय सर्राफ, कैलाश सिंघानिया, रविंद्र मोदी, जयंत शाहदेव, पुष्पा भुवालका, आदित्य भुवालका सहित कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाज के प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *