अंडर-18 एशिया कप: झारखंड की संदीपा कुमारी बनीं प्लेयर ऑफ द मैच, भारत ने जीता कांस्य पदक
रांची: जापान के काकामीगाहारा में 29 मई से 6 जून 2026 तक आयोजित अंडर-18 महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में भारत ने कोरिया को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट का समापन जीत के साथ किया।

भारतीय टीम की जीत में झारखंड की प्रतिभाशाली खिलाड़ी संदीपा कुमारी की अहम भूमिका रही। मैच के दूसरे ही मिनट में संदीपा ने फील्ड गोल कर भारत का खाता खोला और टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे क्वार्टर के 16वें मिनट में कप्तान स्वीटी कुजूर ने दूसरा गोल दागकर बढ़त को 2-0 कर दिया। तीसरे क्वार्टर के 33वें मिनट में टूर्नामेंट की सर्वाधिक गोल स्कोरर नौशीन नाज ने तीसरा गोल कर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी।
पूरे मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली संदीपा कुमारी को आयोजन समिति की ओर से ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। संदीपा ने न सिर्फ इस मुकाबले में गोल किया, बल्कि पूरे टूर्नामेंट में भी प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन किया।
कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम में झारखंड की छह खिलाड़ियों—संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी, श्रुति कुमारी, सुगन सांगा, नीलम टोपनो और खिल्ली कुमारी—का चयन हुआ था। इन खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड का नाम रोशन किया। संदीपा और श्रुति ने दो-दो गोल जबकि पुष्पा मांझी ने एक गोल किया।
इस उपलब्धि से जुड़ा एक दिलचस्प संयोग भी सामने आया है। वर्ष 2016 में जब भारतीय टीम ने अंडर-18 एशिया कप में कांस्य पदक जीता था, तब संदीपा की बड़ी बहन संगीता कुमारी भी उस टीम का हिस्सा थीं और उन्हें भी बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला था। वर्तमान में संगीता कुमारी भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम की स्ट्राइकर हैं।
भारत की जीत पर हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, कोषाध्यक्ष शेखर जे. मनोहरन, हॉकी झारखंड तथा झारखंड सरकार के खेल विभाग ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। हॉकी झारखंड ने घोषणा की है कि राज्य लौटने पर सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया जाएगा।
