झारखंड के दो युवा वॉलीबॉल खिलाड़ियों का खेलो इंडिया असेसमेंट कैंप 2026 के लिए चयन
रांची। झारखंड वॉलीबॉल संघ के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि राज्य के दो होनहार खिलाड़ियों — हजारीबाग के माज़ ख़ान एवं पश्चिम सिंहभूम (चक्रधरपुर) के आकाश तांती — का चयन खेलो इंडिया असेसमेंट कैंप 2026 के लिए किया गया है।
यह प्रतिष्ठित प्रशिक्षण शिविर आगामी 7 अप्रैल 2026 से वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, अहमदाबाद (गुजरात) में आयोजित किया जाएगा। दोनों खिलाड़ियों का चयन एसजीएफआई अंडर-14 राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है।
माज़ ख़ान हजारीबाग स्थित सेंट स्टीफेंस स्कूल के छात्र हैं और वर्तमान में एसएसटी वॉलीबॉल अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वहीं, आकाश तांती पश्चिम सिंहभूम जिले से जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं।
संघ के संरक्षक शेखर बोस एवं कार्यकारी अध्यक्ष सुनील सहाय ने चयनित खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों के लिए, बल्कि पूरे झारखंड राज्य के लिए गौरव का विषय है।
झारखंड वॉलीबॉल संघ को विश्वास है कि दोनों खिलाड़ी आगामी शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक गौरवान्वित करेंगे।
इस उपलब्धि पर संघ के चेयरमैन सुबोध कांत सहाय, अध्यक्ष आर. के. आनंद, सचिव उत्तम राज, एक्जीक्यूटिव उपाध्यक्ष विश्वनाथ सिंह, एस. एम. हासमी, कोषाध्यक्ष विकास वर्मा सहित संघ के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दोनों खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
