Home

देवघर के दो खिलाड़ी अंडर-17 राष्ट्रीय कुश्ती में करेंगे झारखंड का प्रतिनिधित्व

Deoghar : देवघर जिला कुश्ती संघ के लिए यह गर्व का अवसर है कि जिले के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी अंडर-17 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में न सिर्फ जिले, बल्कि पूरे झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता 26 से 30 अप्रैल तक छत्रपति संभाजीनगर, महाराष्ट्र में आयोजित होगी, जिसमें देशभर के चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

दो खिलाड़ियों का हुआ चयन

इस प्रतियोगिता में विद्या कुमारी 65 किलोग्राम भार वर्ग में और मनीष कुमार झा 110 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगे। दोनों खिलाड़ी लंबे समय से कड़ी मेहनत कर रहे हैं और अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने में जुटे हैं।

राज्य स्तरीय प्रदर्शन से मिला मौका

पिछले दिनों धनबाद में आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। उसी आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

कोचिंग और तैयारी पूरी

दोनों खिलाड़ी बाबू वेदानंद सिंह अखाड़ा में प्रशिक्षक संजीव कुमार झा के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। कोच का कहना है कि खिलाड़ियों की तैयारी संतोषजनक है और वे पूरी तरह मुकाबले के लिए तैयार हैं।

संघ ने दी शुभकामनाएं

जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष विजय प्रताप सनातन ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे जिले और राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करेंगे।

संघ के अन्य पदाधिकारियों-उमाशंकर सिंह, संजय वर्मा, अमित कुमार, दीपनारायण, आशीष पांडे, विद्या सिंह, अभिजीत सिंह, राजीव सिंह, दशरथ महथा, कौशल सिंह, विक्की रमानी और घनश्याम राणा-ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *