राहुल दुबे गैंग के दो गुर्गे हथियार के साथ गिरफ्तार, ओसम डेयरी में बरसाई थी गोलियां

Ramgarh : रामगढ़ के पतरातू थाना क्षेत्र के हेसला गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों अपराधी कुख्यात राहुल दुबे गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। गिरफ्तार अपराधियों के नाम करण करमाली (19) और शिवम मिश्रा उर्फ नंदू (23) बताये गये। दोनों पतरातू क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों के पास से पुलिस ने हथियार, गोलियां और बाइक जब्त की है।
गुप्त सूचना पर बनी SIT
एसपी अजय कुमार को 13 अप्रैल की रात गुप्त सूचना मिली कि हेसला इलाके में कुछ अपराधी हथियार लेकर घूम रहे हैं। इसके बाद पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। सभी थाना प्रभारियों को इलाके में सघन जांच के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने हेसला स्थित काली मंदिर मैदान के पास बाइक सवार दो युवकों को रोका। तलाशी के दौरान करण करमाली के पास से 7.65 एमएम का लोडेड देशी पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां बरामद हुईं। वहीं बाइक में रखे बैग से 9 एमएम की देशी कारबाइन और दो जिंदा गोलियां मिलीं। पुलिस ने बाइक भी जब्त कर ली है।
पूछताछ में सामने आई पुरानी घटना
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं। उन्होंने 4 अप्रैल को पतरातू स्थित ओसम डेयरी प्लांट में हुई फायरिंग की घटना में शामिल होने की बात भी कबूल की है। इस मामले में पतरातू थाना में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
