Home

एनएच-33 पर हुए सड़क हादसे में युवती सहित दो की मौत, दो गंभीर

पूर्वी सिंहभूम, 13 अगस्त । राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में युवती सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना एमजीएम थाना क्षेत्र के पिपला पुल के समीप सुबह करीब चार बजे हुई। बताया जाता है कि तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान सड़क पर गश्त कर रही एमजीएम थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों का उपचार शुरू किया गया।

मृतकों की पहचान सीसीर दुम्बी चातोंबा उर्फ डिम्पी चातोंबा (22) और सुरजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है।

हादसे में गोलमुरी नामदा बस्ती निवासी गुरुदेव सिंह उर्फ राहुल और चाईबासा के जटेंया निवासी सुनीता तुबिद भी घायल हुए हैं। दोनों को प्रारंभिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए गुरुदेव सिंह को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। वहीं सुनीता तुबिद का उपचार टाटा मुख्य अस्पताल में चल रहा है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस कारण हुआ, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *