Home

लेवी के लिए जलाए थे दो हाइवा, पलामू पुलिस के हत्थे चढ़ा फरार आरोपी

Palamu : झारखंड के पलामू जिले में छतरपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चराई इलाके में लेवी वसूलने के लिए दो हाइवा में आग लगाने वाले एक शातिर अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिलदेव सिंह उर्फ ​​कपिल सिंह उर्फ ​​विशाल कुमार (25) के रूप में हुई है। वह बरडीहा गांव का रहने वाला है और काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे उसके गांव से ही लापता लिया।

10 अपराधियों ने मिलकर रोकी थी हाइवा

छतरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना 27 मई 2025 की रात की है। चराई क्षेत्र में खनन कार्य में लगी दो हाइवा को करीब 10 अपराधियों ने जबरन रोक लिया था। अपराधियों ने चालकों को हथियार दिखाकर डराया और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद इलाके में दहशत फैलाने और लेवी वसूलने के मकसद से दोनों हाइवा में आग लगा दी। आग इतनी भयानक थी कि दोनों गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गई थीं।

पीड़ित के बयान पर दर्ज हुआ था मामला

घटना के बाद पीड़ित रामू कुमार गुप्ता के बयान पर छतरपुर थाने में करीब 10 अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई शुरू की। जांच में कपिलदेव सिंह की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के मुताबिक कपिलदेव सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह विश्रामपुर और छतरपुर थाना क्षेत्र के कई मामलों में पहले से नामजद है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी को इलाके में सक्रिय अपराधी गिरोहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। इस मामले में शामिल छह अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बाकी अपराधियों की तलाश में भी लगातार छापेमारी की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई थी। अभियान में छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार, अनिल कुमार रजक, सहायक अवर निरीक्षक राजीव कुमार, मिथिलेश कुमार यादव समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *