₹1300 के लिए दो दोस्तों की हत्या, पलामू पुलिस ने सुलझाया सनसनीखेज डबल मर्डर केस

Palamu : पलामू जिले में जनवरी महीने में मिले दो शवों के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस दोहरी हत्याकांड में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम चुनमुन चौधरी उर्फ अजित चौधरी (25) बताया गया। पुलिस के अनुसार, महज ₹1300 की लूट के लिए आरोपी ने पहले अपने साथी की हत्या की और फिर दूसरे व्यक्ति को भी मार डाला।
कैसे सामने आया मामला
एसपी रीष्मा रमेशन ने मीडिया को बताया कि बीते 16 जनवरी को चैनपुर थाना क्षेत्र के रैनीबांध तालाब के पास एक आंशिक जला हुआ शव मिला था। बाद में उसकी पहचान शंकर राम (37) के रूप में हुई। उसी दिन डालटनगंज रेलवे स्टेशन के आगे पुल के पास एक और शव मिला। दोनों शवों की हालत देखकर साफ था कि पत्थर से सिर कूचकर हत्या की गई है। इस मामले में चैनपुर और शहर थाना में अलग-अलग केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसपी रीष्मा रमेशन के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चुनमुन चौधरी उर्फ अजित चौधरी (25) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने पूरा सच उगल दिया।
नशे के बाद बना हत्या का प्लान
आरोपी ने बताया कि 15 जनवरी की रात वह डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास शंकर राम और करीवा उर्फ छोटू के साथ बैठकर नशा कर रहा था। इसी दौरान उसे पता चला कि शंकर राम के पास पैसे हैं, लेकिन वह खर्च नहीं कर रहा है। इसके बाद आरोपी ने अपने साथी करीवा के साथ मिलकर शंकर राम को सुनसान इलाके रैनीबांध ले गया, जहां उससे ₹1300 लूट लिए। पहचान खुलने के डर से पत्थर से सिर कूचकर उसकी हत्या कर दी और शव को जलाने की कोशिश की।
फिर साथी को भी उतारा मौत के घाट
पहली वारदात के बाद दोनों आरोपी रेलवे स्टेशन लौटे। इसी दौरान आपस में विवाद हो गया। करीवा उर्फ छोटू ने धमकी दी तो चुनमुन चौधरी ने उसे भी रेलवे पुल के पास ले जाकर पत्थर से सिर कूचकर मार डाला और शव छिपाने की कोशिश की।
बरामद हुए सबूत
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक शंकर राम का पर्स, आधार कार्ड और फोटो बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी चोरी समेत अन्य मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पहले से दो मामले दर्ज हैं।
