धनबाद

धनबाद में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत, इलाके में मातम

एक बच्चे को बचाने के प्रयास में गहरे पानी में चले गए दो अन्य बच्चे

धनबाद, 28 अगस्त 2026। धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगलीटांड में शुक्रवार को तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे शुक्रवार को रंगलीटांड स्थित तालाब में नहाने गए थे। परिजनों के मुताबिक, वे अक्सर इसी तालाब में नहाने जाते थे। शुक्रवार को नहाने के दौरान एक बच्ची अचानक तालाब के गहरे हिस्से में चली गई और डूबने लगी।

उसे डूबता देख साथ मौजूद दोनों बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान वे भी गहरे पानी में चले गए और तीनों डूब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तालाब में बच्चों की तलाश शुरू की। स्थानीय लोगों ने तीनों को पानी से बाहर निकाला और तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, धनबाद ले गए। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान रलझल, कुंदरो और आभा के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर तोपचांची थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रंगलीटांड और आसपास के क्षेत्रों में घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *